झूठी घोषणाओं से प्रशिक्षितों को ठग रही सरकार

अल्मोड़ा। बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों की हुई बैठक में प्रदेश सरकार पर झूठी घोषणा करने का आरोप लगाया गया। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में सरकार ने प्राथमिक कक्षाओं से शारीरिक शिक्षा लागू करने, एलटी और प्रवक्ता पदों पर शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति की घोषणा की थी। परंतु सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
वक्ताओं ने कहा कि बीपीएड प्रशिक्षितों को न तो टीईटी में शामिल किया गया है और न ही शारीरिक शिक्षकों के पदों पर उन्हें नियुक्ति दी जा रही है। इससे सैकड़ों प्रशिक्षित बीपीएड बेरोजगार हैं। सरकार की बेरोजगार विरोधी नीति के कारण कई प्रशिक्षित तो सरकारी सेवा की आयु भी पार कर चुके हैं। चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने बीपीएड प्रशिक्षितों के हित में शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो पंचायत चुनाव और 2014 के लोकसभा चुनाव में बेरोजगार सरकार का विरोध करेंगे।
अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष अनिल कपूर ने कहा कि कल तीन जून को बीपीएड बेरोजगार मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे। बैठक में सचिव मदन नेगी, उपाध्यक्ष प्रमोद मेहरा, कोषाध्यक्ष मनीष जीना, शिवराज बिष्ट, राजेंद्र रौतेला, रवींद्र कोहली, राजेंद्र राणा, क्षितिज पांडे, घनश्याम तिवारी, कुंदन बिष्ट, विमला करायत, मुकुल सारकी, हरीश, दिनेश पांडे, तारा बिष्ट, मीनाक्षी बोरा, जया गुरुंग, गार्गी साह आदि उपस्थित थे।

Related posts