
नाहन (सिरमौर)। चौगान मैदान में 15 मई से शुरू हुई लड़के-लड़कियों की वन रक्षक पद की भर्ती के दौरान रविवार को एक युवक ने अपनी जगह दूसरे यवक को दौड़ा दिया। मौके पर गड़बड़झाले की आशंका को देखते हुए भर्ती कमेटी के सदस्य डीएफओ रेणुका ने युवक के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस के अनुसार रविवार को नाहन के चौगान मैदान में जब दौड़ के लिए अभ्यर्थी बुलाए गए तो नाहन के समीप कोलर निवासी सुरजीत सिंह पुत्र बलवंत सिंह की जगह कोई दूसरा युवक रेस में शामिल हो गया। भर्ती टीम ने जब जमा दस्तावेजों की जांच की तो सुरजीत की फोटो से दौड़ में शामिल युवक की शक्ल मेल नहीं खा रही थी। मौके पर मौजूद लोगाें का कहना है कि दौड़ने वाले युवक को जब कारवाई की भनक लगी तो वह दौड़ बीच में छोड़कर मैदान से भाग खड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि दौड़ने वाले युवक के पिता भी ग्राउंड में ही मौजूद थे। इस धांधली में विभागीय मिलीभगत की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। जबकि विभाग की ओर से भर्ती की वीडियोग्राफी भी की जा रही है।
इस बारे में संपर्क करने पर पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि डीएफओ अभिलाष दामोदरन की ओर से कोलर निवासी सुरजीत सिंह के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है पुलिस जांच कर रही है। उधर,अरण्यपाल आरके गुप्ता ने बताया कि मौके पर डीएफओ अभिलाष दामोदरन ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
