धारटीधार के 12 गांवों में दूरभाष सेवाएं ठप

जमटा (सिरमौर)। धारटीधार के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में दूरभाष सिग्नलों की भारी परेशानी सामने आ रही है। ग्रामीणों को इसके कारण दूरभाष सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। क्षेत्र के बनोहत, भंबी, जोहड़ी, ठंडोली, जलमुसा, तीणा, थापल, टिक्करी, दग्योण, अंबिल तथा धगेड़ा इत्यादि गांवों में लोगों को बिना सिग्नल के भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय बुद्धिजीवी डा. इंद्र सिंह तोमर, प्रदीप कुमार, गुमान सिंह, गोपाल सिंह, विनोद कुमार, रवि दत्त, अशोक चंद, दीपक कुमार, श्याम लाल ठाकुर, इंद्र सिंह चौहान आदि ने बताया कि इन क्षेत्रों में लोगों के पास मोबाइल फोन तो हैं मगर सिग्नल नहीं होने के कारण सभी शो पीस बने हुए हैं। लोगों ने विभाग तथा राज्य सरकार से गुहार लगाई है कि यदि क्षेत्र में किसी कंपनी द्वारा टावर स्थापित किया जाता है तो समस्या का समाधान हो सकता है।
उधर धगेड़ा पंचायत प्रधान वीरेंद्र सिंह, पंजाहल पंचायत प्रधान राजेश कुमार, जमटा नावणी प्रधान कमला देवी ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में दूरभाष सिग्नलों की कमी है। लोगों की सुविधा को देखते हुए इस बारे शीघ्र ही सरकार अथवा विभाग से बातचीत की जाएगी।

Related posts