समर फेस्टिवल में मचाया धमाल

शिमला। अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी कलाकारों के नाम रही। नाटी किंग के नाम से मशहूर कुलदीप शर्मा, विक्की चौहान, किशन वर्मा, हेमंत शर्मा, कृतिका तनवर व गीता भारद्वाज की नाटियों पर दर्शक जमकर झूमे।
समर फेस्टिवल के दूसरे दिन ‘पहाड़ी नाइट’ का आनंद उठाने के लिए राजधानी शिमला सहित आसपास के इलाकों से भारी संख्या में लोग रिज मैदान पर उमड़े। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय युवाओं और सैलानियों ने पहाड़ी नाइट का जम कर लुत्फ उठाया। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। नाटी किंग कुलदीप शर्मा के मंच पर आते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। कुलदीप शर्मा ने भी अपने चिरपरिचित अंदाज में एक के बाद एक धमाकेदार नाटियां गा कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कुलदीप शर्मा ने सतगुरु वंदना के साथ अपनी प्रस्तुति की शुरूआत की। इसके बाद ढोलो रा ढमाका, हिमाचल बड़ा बांका, बांठण चाली जातरे-जातरे, साहिबा री बीबीए, रोहड़ूू जाणा मेरी आमिए, सोएना लांबो काटी घासो, बोतलो फूटी व रिजो गाशे सोनिया चाले गीत पेश किए। कुलदीप ने अपनी आने वाली नई एलबम का गीत ‘धक धक धड़के मेरा जिया’ भी पेश किया जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। जाने माने पहाड़ी गायक विक्की चौहान ने चुड़ पूड़ा रे चुड़ पूड़ा, चिट्टे तेरे दांदड़ूू, ओ जरालटू, डाली झूमा झूमा रे डालिए, पीणी विस्की विस्की, हामे बराती आए व लच्छी लच्छी लोक गलांदे गीतों से जम कर धमाल मचाया। 2010 में विंटर कार्निवाल के विजेता रहे ठियोग के किशन वर्मा ने मेरी साहिबोए, चूटे लातो दे कांडे, डाली सोरजूए, पारो आया बंजारा, हाथ काटा पोइनी दाचिए, हो सुमित्रा मिलदे आजा गीत गाए। इस अवसर पर उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। कार्यक्रम में एडीसी डा. नरेश कुमार लट्ठ, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर एडीएम एनके रतन, आरके गौतम सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts