
जोगिंद्रनगर (मंडी)। क्षेत्र में टेलीफोन केबल चोर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। चोर रातों रात केबल उड़ा कर निगम को खासा नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीएसएनएल के जोगिंद्रनगर दूरभाष केंद्र के अधीन शानन के पास चोरों ने रातों रात लगभग 450 मीटर केबल उड़ा ली। घटना बीते रोज की बताई जा रही है। केबल चोरी होने से लगभग 35 टेलीफोन ठप पड़ गए हैं। निगम के अधिकारियों ने चोरी की वारदात की एफआईआर पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में दर्ज करवा दी है।
निगम के जेटीओ राजेश ठाकुर ने बताया कि चोर शानन के पास बीस पेयर की तीन सौ मीटर तथा दस पेयर की 150 मीटर केबल उड़ा ले गए हैं। ऐसे में जहां निगम को लाखों का नुकसान हुआ है। वहीं उपभोक्ताओं को भी टेलीफोन बंद हो गए। उधर, उपभोक्ताओं में देवराज, सुनील कुमार, देवेश शर्मा, राम सिंह, नागेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, दलीप सिंह और विरेंद्र कुमार सहित अन्यों ने कहा कि केबल चोरी हो जाने के कारण लैंड लाइन फोन ठप हो गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने निगम से नई लाइन बिछाकर सुविधा बहाल करने की मांग उठाई है। उधर, एसएचओ जोगिंद्रनगर अमर सिंह ने कहा कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। चोरों की धरपकड़ कर गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
