
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के कनैड़ में शनिवार देर शाम दो युवकों ने एक दुकानदार पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया है। इस वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग गए। स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ घायल दुकानदार युवक को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को घर दबोचा है। दिन दिहाड़े हुई इस वारदात से कनैड़ में व्यापारी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं।
जानकारी के अनुसार डीनक निवासी फिरोज मोहम्मद कनैड़ में मोबाइल की दुकान करता है। शनिवार शाम को उसकी दुकान पर दो युवक आए तथा उन्होंने फिरोज को बाहर बुलाया। जब फिरोज दुकान से निकल कर उनके पास गया तो दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट आरंभ कर दी। इसी दौरान एक ने अपनी कार से तेजधार हथियार निकाला तथा उसका वार फिरोज पर कर दिया। इस वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी शहनवाज को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है। उन्होंने बताया पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 307 व आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।
