सरकाघाट के रखोह में फंदा लगाकर महिला ने दी जान

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के रखोह गांव में महिला ने रसोईघर में फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रह रही थी। महिला का पति बीमार रहता है, जो दो दिन पूर्व ही अस्पताल से छुट्टी के बाद घर आया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सरकाघाट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पानो देवी (38) पत्नी संतोष कुमार ने रसोईघर में फंदा लगा दिया। मृतका का मायका पट्टा गांव में है। पति संतोष कुमार बैल्डिंग की एक दुकान में काम करता है तथा पिछले कुछ समय से बीमार है। पुलिस के मुताबिक संतोष दो दिन पूर्व ही अपना अपेंडिक्स का आपरेशन करवाकर अस्पताल से घर लौटा था। चिकित्सकों ने उसके गुर्दे में भी पत्थरी की सूचना दी थी। वहीं गांव वालों के अनुसार मृतका पति की बीमारी तथा घर की आर्थिक तंगी के कारण अक्सर तनाव में रहती थी।
रविवार सुबह करीब सवा आठ बजे जब महिला का छोटा बेटा ब्यास देव उसे ढूंढता हुआ रसोई घर में पहुंचा तो मृतका छत में लगी कुंडी से गले में बंधी रस्सी से झूल रही थी। मां को इस तरह देख उसके शोर मचाने पर आस-पड़ोस से लोग जमा हो गए। लोगों ने महिला को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सरकाघाट पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मृतका अपने पीछे दो बेटे छोड़ गई है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से किसी तरह के आरोप नहीं लगाए गए हैं। भादंसं की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts