डेढ़ लाख के जेव और नकदी पर किया हाथ साफ

सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की चांबी पंचायत के मंझरोट गांव में चोरों ने शनिवार रात दो घरों में सेंध लगाकर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवर व नकदी चुरा ली। जिस समय यह वारदात हुई, घर पर कोई नहीं था। सुबह जब घर वाले वापस लौटे तो उन्होंने ताले टूटे हुए पाए। अंदर जाने पर उनके पांव तले से जमीन खिसक गई। घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था। इस पर उन्होंने पुलिस को इस मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली सेंध चोरों ने शनिवार रात मंझरोट निवासी ओम प्रकाश के घर लगाई, जहां से उन्होंने साढे़ तीन तोले सोने के जेवर व 10 हजार की नकदी व पांच चांदी के सिक्के चुरा लिए। दूसरी वारदात में जालिम सिंह के घर से चोरों ने 12 हजार नकदी, चांदी की दो पायल तथा पीतल के दो पतीले चुराए लिए। ओम प्रकाश व जालिम सिंह शनिवार रात परिजनों के साथ कहीं गए हुए थे। रविवार सुबह जब वे घर वापस आए तो दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। कमरों में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारियों में रखे जेवर व नकदी गायब पाई गई। पुलिस थाना बीएसएल कालोनी के प्रभारी बिन्नी मिन्हास ने मंझरोट में ओम प्रकाश व जालिम सिंह के घर से चोरों द्वारा करीब डेढ़ लाख के जेवर व नकदी चुराने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related posts