गलत जगह लगे मीटर बाक्स उखड़ेंगे

चंबा। घर के अंदर और निर्धारित स्थल पर नहीं लगाए गए बिजली मीटरों के बाक्सों को उखाड़ा जाएगा। विद्युत बोर्ड की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बिजली बोर्ड ने बेतरतीब ढंग से नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में लगे बिजली मीटर बाक्सों को उखाड़ने के आदेश जारी किए हैं। बोर्ड मीटर बाक्सों को उखाड़कर निर्धारित स्थल पर स्थापित करेगा।
चंबा शहर में बिजली बोर्ड मीटरों को घरों के बाहर बाक्सों में लगवा रहा है। पांच के करीब मोहल्लों में बाक्स लगाए भी जा चुके हैं। कई घरों में बाक्स निर्धारित दूरी और निर्धारित स्थल पर नहीं लगाए गए हैं। उपभोक्ताओं के अनुसार बिजली बोर्ड कर्मियों के मानने के बाद भी मनमर्जी से मीटर बाक्स लगवाए गए हैं। विद्युत बोर्ड की मानें तो विद्युत कर्मियों को मीटरों को घरों के बाहर बाक्स में और 4-5 फुट की दूरी पर लगाने के आदेश दिए थे। कई उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड के कर्मियों के आदेशों को नकारते हुए बाक्स लगवाए हैं।
घरों के मुख्य गेट के पास बाक्स लगाने की बजाय उपभोक्ताओं ने गैलरी और बरामदे में ही मीटर बाक्स लगवा लिए है। यही नहीं बाक्स निर्धारित दूरी पर भी नहीं लगाए गए हैं। पांच वार्डों में मीटर बाक्स लगाने का कार्य समाप्त होने के पश्चात बोर्ड के अधिकारियों ने कार्य का निरीक्षण किया। इसमें खामियां पाई गईं।
कमियों को मद्देनजर रखते हुए बिजली बोर्ड ने मनमर्जी से लगाए गए बाक्सों को उखाड़ने के फरमान जारी किए हैं। बोर्ड की मानें तो बिल देने वाले कर्मियों की सुविधा, मीटरों की सुरक्षा और बिजली चोरी को रोकने के लिए मीटरों को घरों के बाहर बाक्सों में लगवाया जा रहा है। मीटर बाक्स के अंदर सुरक्षित रहेंगे और इससे किसी प्रकार की असुविधा का सामना भी उपभोक्ताओं को नहीं करना पड़ेगा।
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि कई जगह बाक्सों को उचित स्थान पर नहीं लगाया गया है। इसी के चलते उनको उखाड़ कर दोबारा उचित जगह पर लगाने का निर्णय लिया गया है।

Related posts