उपचुनाव में खूब गूंज रहा परिवारवाद मुद्दा

कुल्लू। मंडी लोकसभा उपचुनाव को लेकर इन दिनों कुल्लू राजनीति का अखाड़ा बन चुका है। कुल्लू जिला में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने डेरा डाल रखा है। दोनों नेता अपनी-अपनी सभाओं में एक दूसरे दल पर जमकर निशाना साध रहे हैं।
कांग्रेस, भाजपा पर भ्रष्टाचार और फोन टेपिंग आदि मामलों को लेकर जमकर प्रहार कर रही है। इसके अलावा भाजपा, कांग्रेस पर महंगाई, भष्ट्राचार, बदला-बदली की भावना से काम करने के अलावा योजनाओं का नाम बदलने को लेकर निशाना साध रही है। इसके अलावा मंडी लोकसभा चुनाव में परिवारवाद का मुद्दा भी खूब उछाला जा रहा है। वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल पर जमकर व्यक्ति आरोप लग रहे हैं। वीरभद्र सिंह एचपीसीए के नाम पर प्रेम कुमार धूमल और उनके पुत्र पर निशाना साध रहे हैं। वीरभद्र सिंह कह रहे हैं कि एचपीसीए एक परिवार के लोगों की निजी संस्था बन गई है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में धूमल ने अपने बेटे की संस्था को होटल के नाम पर जमीन दी। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने बड़ी कुर्सी मिलने पर छोटी कुर्सी पत्नी के लिए छोड़ दी। जय राम का कहना है कि यदि वीरभद्र का बेटा 25 का होता तो वे उसे भी चुनाव लड़वाते। जय राम ने कहा कि यह उपचुनाव वीरभद्र सिंह के कारण हो रहे हैं। वीरभद्र सिंह उपचुनाव के लिए भाजपा सरकार को दोषी ठहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठे आरोपों के चलते ही उन्हें केंद्रीय मंत्री पद छोड़ना पड़ा और बाद में पार्टी ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और इसके बाद मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। इसी कारण उपचुनाव हो रहे हैं।

Related posts