1000 करोड़ से चैनेलाइज होंगी खड्डें

पंजावर (ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि ऊना प्रदेश का पहला ऐसा जिला होगा। जहां सभी खड्डों का तटीयकरण किया जाएगा। इससे किसानों का जीवन खुशहाल होगा। स्वां की सभी सहायक खड्डों के तटीयकरण के लिए एक हजार करोड़ की योजना तैयार की गई है। इस योजना में हिमाचल प्रदेश अपने हिस्से के 90 करोड़ रुपये देगा। शेष राशि केंद्र की ओर से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए स्टेट टेक्निकल एडवाइजरी कमेटी की बैठक शीघ्र करने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में लोअर पंजावर ढक्की में रिग का पूजन करके नाबार्ड से स्वीकृत 60 लाख की सिंचाई योजना का शिलान्यास किया। इससे 45 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी और पानी किसान के खेत तक पहुंचाने के लिए करीब डेढ़ दर्जन होदियां निर्मित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान जिला में 601 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में जहां पर सिंचाई के लिए नलकूप लगाना संभव नहीं है। वहां पर वर्षा जल संग्रहण ढांचे बनाकर सिंचाई की सुविधा प्रदान करेंगे। हरोली हलके के जिन गांवों में अभी तक नलकूप नहीं लगे हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर नलकूप लगाए जाएंगे। लोअर पंजावर में पीएचसी का नया भवन बनाया जाएगा। इस अवसर पर एग्रो पैकेजिंग के पूर्व वायस चेयरमैन ओंकार शर्मा, हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, पूर्व जिला परिषद सदस्य एडवोकेट धर्म सिंह, अप्पर पंजावर के उपप्रधान प्रमोद कुमार, लोअर पंजावर के पूर्व प्रधान गुरमेश, जिला कांग्रेस लीगल सैल के संयोजक वीरेंद्र मनकोटिया, किसान नेता अवतार सिंह टीटा, रमेश चौधरी, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता एनके त्रिवेदी एवं अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा उपस्थित थे।

Related posts