डीजीएम पर कसा विजिलेंस ने शिकंजा

रुड़की। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता रघुराज सिंह द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत लिये जाने के मामले में डीजीएम पर भी कार्रवाई होनी लगभग तय मानी जा रही है। इस मामले में विजिलेंस का दावा है कि उनके पास डीजीएम सईद अहमद के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। इसी आधार पर विजिलेंस ने शासन को पत्र लिखकर डीजीएम के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुमति मांगी है।
विजिलेंस टीम ने 15 मई को अधिशासी अभियंता रघुराज सिंह को उनके ही कार्यालय से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस टीम को बताया था कि डीजीएम सईद अहमद ने भी उनसे लाइन शिफ्ट कराने के नाम पर रुपयों की मांग की थी। तभी से विजिलेंस टीम इस मामले में डीजीएम सईद अहमद की संलिप्तता की छानबीन कर रही थी। विजिलेंस टीम ने लाइन शिफ्टिंग से संबंधित तमाम कागजात भी डीजीएम और ईई ऑफिस से जब्त किये थे। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल आदि भी निकलवाई गई थी। 15 दिन की पड़ताल में विजिलेंस टीम को डीजीएम सईद अहमद के खिलाफ ऐसे सबूत मिले हैं जिनके आधार पर विजिलेंस डीजीएम के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है। विजिलेंस का दावा है कि रिश्वत मामले में डीजीएम सईद अहमद की भी संलिप्तता थी। इसके पुख्ता सबूत उनके पास है। इन्हीं सबूतों के आधार पर शासन को पत्र लिखा गया है।

दस लोगों के बयान दर्ज
रुड़की। विजिलेंस टीम ने रिश्वत मामले में दस लोगों के बयान दर्ज किये हैं। इनमें शिकायतकर्ता, ऊर्जा निगम के अधिकारी और कर्मचारी हैं। साथ ही डीजीएम सईद अहमद के बयान भी शामिल हैं।

सर्किल ऑफिस से भी लिये कागजात
विजिलेंस टीम ने ऊर्जा निगम के सर्किल ऑफिस पहुंचकर मामले से संबंधित कुछ कागजातों को अपने कब्जे में लिया है। डीजीएम एमएल प्रसाद ने बताया कि विजिलेंस टीम ने जिन कागजातों की मांग की थी वे उपलब्ध करा दिए गए हैं।

‘अधिशासी अभियंता रघुराज सिंह के रिश्वत लिये जाने के मामले में डीजीएम सईद अहमद की संलिप्तता सामने आ रही थी। इसी कारण विजिलेंस टीम मामले की गहराई से जांच कर रही थी। जांच में डीजीएम सईद अहमद के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। उनके आधार पर डीजीएम को मामले में सहअभियुक्त बनाने की तैयारी हो रही है। इसके लिए शासन से अनुमति मांगी गई है।
-मणिकांत मिश्रा, एसपी, विजिलेंस देहरादून

डीजीएम सईद अहमद स्थानांतरित
डीजीएम सईद अहमद का स्थानांतरण देहरादून हो चुका है। उनके स्थान पर एमएल प्रसाद ने चार्ज संभाला है। डीजीएम अहमद का यह स्थानांतरण इसी प्रकरण का नतीजा माना जा रहा है।

नये ईई मित्तल ने संभाला चार्ज
ऊर्जा निगम नगरीय क्षेत्र के नये अधिशासी अभियंता के रूप में मोहन मित्तल ने शनिवार शाम को चार्ज संभाल लिया है। वह अधिशसी अभियंता रघुराज सिंह के स्थान पर आए हैं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाओ आवाज
यदि आप भी किसी घूसखोर अधिकारी या फिर कर्मचारी से परेशान हैं तो उनके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। घूसखोर अधिकारी और कर्मचारियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए इस नंबर पर फोन करें। मणिकांत मिश्रा, एसपी विजिलेंस, देहरादून मोबाइल नंबर- 9411113990

Related posts