
नारसन। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर वाणिज्य कर चेक पोस्ट के समीप शनिवार सुबह एक डीसीएम ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक का पहिया सड़क किनारे फिसल गया और बाइक सवार दोनों युवक गिर गए। पुलिस ने डीसीएम चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
मुजफ्फरनगर स्थित पुरकाजी के एक सेलर में काम करने वाले नारसन कलां निवासी कलवा (35) और सचिन (32) शनिवार सुबह बाइक से पुरकाजी जा रहे थे। सवेरे करीब सात बजे जैसे ही बाइक दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर पहुंची तो एकाएक बाइक का पहिया सड़क किनारे पटरी पर चढ़ गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वे संभल पाते तभी एक डीसीएम ने सचिन को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने डीसीएम चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायल युवक कलवे को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।
