दिल्ली से जुड़े हैं सेक्स रैकेट के तार

हरिद्वार। दिल्ली की युवती के साथ सामूहिक बलात्कार केस में सामने आए सेक्स रैकेट के तार देश की राजधानी दिल्ली से जुड़े हैं। बलात्कार की शिकार युवती को दिल्ली की एक महिला ने हरिद्वार में जिस्मफरोशी के लिए भेजा था। रानीपुर पुलिस ने आरोपी महिला की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। दूसरी ओर, मजिस्ट्रेट के आदेश पर युवती को झारखंड से आए उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
15 मई को लक्ष्मी नगर दिल्ली की युवती के साथ हरिद्वार में सामूहिक बलात्कार की घटना हुई थी। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए हरिद्वार में सेक्स रैकेट का संचालन करने वाली खड़खड़ी निवासी महिला सुनीता, उसके पति राम कुमार और युवती के कथित पति ललित निवासी शाहदरा दिल्ली को गिरफ्तार किया था। साथ ही अहबाब नगर ज्वालापुर के पांच युवकों को भी बलात्कार करने के आरोप में दबोचा था। रानीपुर पुलिस को जांच में दिल्ली की एक अन्य महिला की भी तलाश है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी महिला ने ही युवती को जिस्मफरोशी के लिए हरिद्वार भेजा था। हरिद्वार में सेक्स रैकेट का संचालन करने वाली महिला सुनीता के तार दिल्ली की महिला से जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती मूलरूप से झारखंड की रहने वाली है और दिल्ली में आरोपी महिला के चंगुल में फंसकर उसके घर पर रहती थी। आरोपी महिला युवती से दिल्ली में भी जिस्मफरोशी करा रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला को चिह्नित कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। दूसरी ओर युवती को नारी निकेतन से मजिस्ट्रेट के आदेश पर झारखंड से हरिद्वार आए उसके मां और भाई के सुपुर्द कर दिया गया है। रानीपुर कोतवाल महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि दिल्ली निवासी महिला की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Related posts