
बागेश्वर। कर्मी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मल्ला दानपुर पूर्व सैनिक अर्द्धसैनिक संगठन का अभियान जारी है। समस्याओं के निराकरण को लेकर गत दिनों पूर्व सैनिकों ने क्षेत्र के दौरे पर आए सांसद प्रदीप टम्टा और विधायक ललित फर्स्वाण से वार्ता की। शनिवार को संगठन के शिष्टमंडल ने यहां अपर जिलाधिकारी से भी मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन दिया।
कर्मी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पूर्व सैनिक अर्द्धसैनिक संगठन ने पिछले साल जुलाई में आंदोलन किया । इसके बाद क्षेत्रीय विधायक और प्रशासन की मध्यस्थता में अधिकारियाें के साथ वार्ता हुई। जिसमें अधिकारियों ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। लेकिन इस दिशा में तेजी के साथ काम नहीं हो रहा है। इसी कारण संगठन बार-बार बैठकों के माध्यम से आंदोलन करने की धमकी देता रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार कर्मी के कई गांवों के लिए वहां की लघु जल विद्युत परियोजना से बिजली दी जाती थी। यह परियोजना ठप पड़ी है और इलाका कई महीनों से अंधेरे में डूबा है। कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग सम से भयात तक बनना था। इसका गत दिनों सांसद और विधायक ने उद्घाटन कर दिया है। अब इसका कार्य शुरू होने की उम्मीद है। क्षेत्र में संचार सेवाओं को ठीक करने के लिए मोबाइल टावर लगाने की आवश्यकता है। इसके लिए सांसद ने संचार निगम के महा प्रबंधक से वार्ता की है। इसके अलावा क्षेत्र मेें राशन का कोटा बढ़ाने की आवश्यकता है। क्षेत्र के गांवाें में पेयजल का संकट है। थालीधार तोक के लिए अलग पेयजल योजना का निर्माण नहीं हुआ है। इधर पूर्व सैनिक अर्द्धसैनिक संगठन ने समस्याओं के निराकरण के लिए अपर जिलाधिकारी उदय सिंह राणा को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में संगठन के अध्यक्ष प्रवीन सिंह, सचिव नारायण सिंह, मलक सिंह, त्रिलोक सिंह, लाल सिंह, श्याम सिंह, कुंवर सिंह, बलवंत सिंह, भजन सिंह आदि शामिल थे।
