
मुनस्यारी। मुनस्यारी जोहार ग्रीष्मोत्सव में शनिवार को चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मुनस्यारी जोहारी डॉक्टर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक रोगियों का परीक्षण किया गया। शिविर रविवार को भी जारी रहेगा। दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन जोहर केंद्रीय शौका समिति के अध्यक्ष दुर्गा सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से जोहार मुनस्यारी के चिकित्सकों ने इलाके को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने का प्रयास किया है।
जोहार-मुनस्यारी डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण सिंह पांगती ने कहा कि अगले साल इस स्वास्थ्य शिविर में अति विशेषज्ञों को लाने का प्रयास होगा। पूर्व मुख्य सचिव डा. आरएस टोलिया, गोकर्ण सिंह मर्तोलिया, गोविंद सिंह पांगती, चंद्र सिंह लस्पाल, सत्यवान सिंह जंगपांगी, डा. कुलदीप सिंह, डा. प्रकाश सिंह, डा. कैलाश बृजवाल, डा. हेमंत मर्तोलिया, डा. केएस आकोटी आदि ने इलाके की स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाने पर जोर दिया।
शिविर के पहले दिन 100 से अधिक लोगों का परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को बीमारी से बचने के तरीके बताए। दृष्टि अस्पताल हल्द्वानी के चिकित्सक डा. मयंक पांगती, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीबी बिष्ट, दंत रोग विशेषज्ञ डा. निमिषा पांगती आदि मरीजों का इलाज कर रहे हैं। स्वास्थ्य शिविर रविवार को भी जारी रहेगा।
