केमू स्टेशन में छापा, गैरहाजिर मिले दो कर्मी

हल्द्वानी। सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल ने शनिवार सुबह केमू स्टेशन में छापा मारकर बसों के संचालन और कर्मचारियों की उपस्थिति चेक की। छापामारी में दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि हल्द्वानी से पर्वतीय रूटों के लिए बसों का संचालन रोस्टर और सिस्टम से किया जाए। मनमर्जी से चलने वाली बसों का परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
पर्वतीय क्षेत्रों में दूरदराज के रूटों पर यातायात व्यवस्था कुमाऊं मोटर्स आनर्स यूनियन (केमू) की बसों पर निर्भर है। हल्द्वानी से पर्वतीय रूटों के लिए प्रतिदिन 160 बसों की आवाजाही होती है, लेकिन यहां बस चालकों में मनमानी रहती है। हल्द्वानी स्टेशन से जाने वाली बसें कई बार सवारियां नहीं मिलने पर निर्धारित स्टाप तक नहीं पहुंची हैं। सवारियों को रास्ते में ही उतार दिया जाता है। स्टेशन में कर्मचारी भी अनुपस्थिति रहते हैं और यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं।
अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल ने बतौर प्रशासक केमू स्टेशन पर छापा मारा। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि स्टेशन में दो कर्मचारी अनुपस्थिति मिले। अनुपस्थिति कर्मचारियों का पिछला रिकार्ड भी खंगाला गया। उन्होंने कहा कि बसों का संचालन रोस्टर और सिस्टम से होगा।

Related posts