
रुद्रपुर। युवती के चेहरे पर फेंका गया केमिकल तेजाब है या कोई और केमिकल, इसकी जांच दिल्ली की फोरेंसिक लैब में होगी। इसके लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर लैब अधिकारियों से संपर्क किया है। किच्छा के ग्राम अजीतपुर निवासी गंगाराम की पुत्री पार्वती बीते बुधवार की रात घर में सोई हुई थी। देर रात कोई उनके घर में घुस आया और पार्वती के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। आनन फानन में उसे उपचार के लिए शहर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि युवती की एक आंख खराब हो गई है। बाद में पीड़ित पक्ष ने मामले की तहरीर पुलिस को सौंप कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच में जुट गई। यहीं नहीं एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हाल भी जाना। इधर एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि युवती के चेहरे पर फेंका गया तेजाब था या कोई अन्य केमिकल उसकी जांच कराई जाएगी। इसके लिए पुलिस दिल्ली स्थित फोरेंसिक लैब से संपर्क करेगी और इसके बाद युवती के चेहरे से केमिकल का सैंपल लेकर जांच करेगी।
