धोखेबाज की धुनाई

रुद्रपुर। नैनीताल रोड स्थित एटीएम से रुपये निकाल रहे वृद्ध को झांसा देकर युवक ने साढ़े नौ हजार रुपये की नगदी निकाल ली। शक होने पर वृद्ध ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों व पुलिस कर्मियों की मदद से उसे धर दबोचा। साथ ही उसकी धुनाई कर पुलिस कर्मियों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल वृद्ध की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई है।
गदरपुर महतोष मोड़ निवासी मोहम्मद यासिन शनिवार को नैनीताल रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकाल रहे थे। कोड नंबर डालने के बाद उनको स्क्रीन धुंधली दिखाई दी तो वह असमंजस में आ गये। यह देख उनके पीछे लाइन में खड़े युवक ने देखता हूं कहते हुए वृद्ध को पीछे कर साढ़े नौ हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकालने के बाद वह चलता बना। यह देख वृद्ध को शक हुआ तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग व महिला पीएसी कर्मियों ने उसे दबोच लिया। इस दौरान युवक की जमकर धुनाई भी की गई। बाद में आवास विकास चौकी इंचार्ज केजी मठपाल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस आरोपी युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। फिलहाल खबर लिखे जाने तक वृद्ध यासिन ने मामले की तहरीर पुलिस को नहीं सौंपी है।

Related posts