तीन पुलिस कर्मी निलंबित

रुद्रपुर। जिला जज परिसर स्थित हवालात का रोशनदान तोड़कर फरार हुए सजायाफ्ता कैदी के खिलाफ सिडकुल चौकी में अभिरक्षा से भागने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जबकि एक हेड कांस्टेबल समेत दो कांस्टेबलों के खिलाफ भी लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। इधर पुलिस फरार आरोपी की धरपकड़ को संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है।
शुक्रवार को हल्द्वानी जेल से तारीख पर आए ट्रांजिट कैंप निवासी सूरज को दुराचार के मामले में सात वर्ष की कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने सूरज को हिरासत में लेकर जजी परिसर स्थित हवालात में अन्य कैदियों के साथ डाल दिया था। कैदियों को हल्द्वानी जेल ले जाते समय जब गिनती की गई तो सूरज नहीं मिला। इससे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने हवालात का निरीक्षण किया तो रोशनदान की कच्ची दीवार टूटी हुई मिली। इस पर पुलिस ने फरार सूरज की धरपकड़ को चेकिंग अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। इस मामले में एसआई पीके जेठा ने सिडकुल चौकी में फरार आरोपी सूरज के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से भागने का मुकदमा दर्ज कराया है। जबकि एक हेड कांस्टेबल भूपाल सिंह, कांस्टेबल रमेश चंद्र व महेश के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कराया है। एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि नामजद तीनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही शुक्रवार को ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस कर्मियों की लिस्ट मंगवाई गई है। लिस्ट मुहैया होने के बाद ड्यूटी पर लापरवाही बरतने वाले अन्य पुलिस कर्मियों को भी निलंबित किया जाएगा। बताया कि पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी सूरज की धरपकड़ को उसके रिश्तेदारों से संपर्क कर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts