ट्रैवल कंपनी के रवैये पर यात्रियों ने किया हंगामा

उत्तरकाशी। चार धाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों को महानगरों में बैठी ट्रैवल कंपनियों के मनमाने रवैये से दिक्कतें हो रही हैं। दिल्ली के एक ट्रैवल्स ने चार धाम यात्रा पर रवाना किए आंध्रप्रदेश और कर्नाटक के यात्री दल ने मार्ग में उस समय हंगामा खड़ा कर दिया, जब बस में तकनीकी खराबी आ गई।
चार धाम यात्रा पर इन दिनों तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। राजमार्गों की खस्ताहालत तथा कुछ खटारा वाहनों से तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली आदि महानगरों में बैठी ट्रैवल कंपनियां इन यात्रियों से मोटा पैसा वसूलने के बावजूद स्तरीय सेवाएं मुहैया नहीं करा रही हैं। दिल्ली के एक ट्रैवल्स की दो बसों में सवार होकर चार धाम यात्रा पर आए आंध्रप्रदेश और कर्नाटक के 39 तीर्थयात्रियों को ऐसी ही समस्या से दो चार होना पड़ा। नागभूषणम, श्रीनिवास, उमा महेश्वर राव, पी.सरोजा आदि तीर्थयात्रियों ने बताया कि यमुनोत्री और गंगोत्री के रास्ते में कई जगह बस में तकनीकी गड़बड़ी आने पर उन्हें बच्चे-बूढ़ों के साथ घंटों जंगल में भूखा-प्यासा रहना पड़ा। उनका यात्रा शेड्यूल भी गड़बड़ा गया। ट्रैवल कंपनी ने उनसे प्रति यात्री 20 हजार रुपये एडवांस में वसूले थे।

कोट-
वाहन में तकनीकी अड़चन आने पर यात्रियों को कुछ दिक्कतें हुई। गंगोत्री से लौटकर उत्तरकाशी में गाड़ी की मरम्मत करा ली गई है। यात्रियों की समस्या से कंपनी प्रबंधन को अवगत करा दिया गया है।- राजेश शर्मा, ट्रैवल्स के गाइड।

Related posts