
अल्मोड़ा। नगर के कई मोहल्लों में इन दिनों पेयजल की समस्या चल रही है। कुछ इलाकों में सुबह के समय लोग टुल्लू पंप का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने कहा है कि जून में टुल्लू पंप का प्रयोग करने और सिंचाई करने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके लिए सोमवार से छापेमारी की जाएगी।
अल्मोड़ा नगर के खत्याड़ी, चंपानौला, डोबानौला आदि इलाकों में पेयजल की समस्या गहरा गई है। इधर माल रोड और कलक्ट्रेट के आसपास के मोहल्लों में भी लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों ने बताया कि कुछ स्थानों में टुल्लू पंपों के इस्तेमाल से भी पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। लोगों ने कहा कि टुल्लू पंपों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए नगर क्षेत्र के इन मोहल्लों में सुबह छह से सात बजे तक बिजली की आपूर्ति बंद रखी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले साल प्रशासन ने टुल्लू पंपों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए थे जिससे व्यवस्था में सुधार आया था इस बार भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार सक्सेना ने बताया कि सोमवार से छापेमारी करके टुल्लू पंप जब्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पेयजल लाइनों से सिंचाई करते पाए जाने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। साथ ही ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
