
अहमदाबाद: गुजरात की नरेंद्र मोदी सरकार पर केशुभाई पटेल के नेतृत्व वाली गुजरात परिवर्तन पार्टी (जीपीपी) ने एक निजी कंपनी को एक रुपए प्रति वर्ग फुट के हिसाब से जमीन पट्टे पर दिए जाने के कारण राजकोष को 1,195.20 करोड़ रुपए का नुकसान होने का आरोप लगाया है। यह भूमि 35 साल के लिए पट्टे पर दी गई है जहां एक खेल परिसर बनाया जाएगा।
जीपीपी के महासचिव गोवर्धन जदाफिया ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अबाद डेयरी की भूमि को एक रुपए प्रति वर्ग फुट के हिसाब से 35 साल के लिए मुंबई स्थित एसई ट्रांसस्टेडिया प्राईवेट लिमिटेड कंपनी को दे दी जिससे राज्य के राजकोष को 1,195.20 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। जदाफिया ने बताया कि यह जानकारी सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत पूछे गए एक सवाल के जबाव में मिली है।
