
नालागढ़ (सोलन)। वर्ष 2003 में प्रदेश को मिले औद्योगिक पैकेज के बाद औद्योगिकीकरण के साथ ही क्षेत्र में रिश्वतखोरी के मामले भी सामने आने लगे हैं। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में अब तक सात ऐसे अधिकारियों को धरा जा चुका है, जिन्होंने काम करवाने के एवज में पैसे की मांग की है।
पकड़े गए मामलों से जाहिर है कि कई बड़े और छोटे अधिकारी लोगों के कार्यों को निपटाने के लिए भारी भरकम राशि वसूलते हैं। यहां तक कि इस क्षेत्र में स्थापित उद्योगों के लिए फायर विभाग की एनओसी लेने और अन्य कई कामकाज निपटाने के लिए रिश्वत रूपी पैकेट पकड़ाकर अपने कार्यों को पूरा करवा लेते हैं। विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र में रिश्वत देने का एक अपना नया ही अंदाज है। पर्वों और त्योहारों पर उद्योगों के प्रबंधक और अन्य लोग कार्ड में पैसे डालकर अधिकारियों को अपना बधाई संदेश भेजते हैं और पैसे देकर अपने काम भी निपटा लेते हैं। सूत्रों की मानें तो इस क्षेत्र के अधिकारियों पर विजिलेंस की पैनी नजर है और मौका मिलते ही इन अधिकारियों को विजिलेंस अपनी शिकंजे में लेकर इनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
बाक्स
अब तक किन- किन पर हुई कार्रवाई
केस-1-वर्ष 2003 में नगर परिषद नालागढ़ के जेई को नक्शे पास करने के ऐवज में 30000 रुपये की राशि सहित धर दबोचा। अब इसी जेई को पुन: पद पर बहाली दी गई है।
केस-2-वर्ष 2008-09 में सहायक दवा नियंत्रक शेर सिंह को औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के खेड़ा स्थित एक उद्योग से करीब पौने चार लाख रुपये की राशि सहित धर दबोचा था। यह धनराशि दवाओं के सैंपल पास करने के ऐवज में ली गई थी।
केस-3-वर्ष 2009-10 में दमकल विभाग बददी में कार्यरत अग्निशमन अधिकारी एसएस थापा को उद्योग की एनओसी पास करने के ऐवज में 10000 रुपये की रिश्वत के साथ धरा गया।
केस-4-ईएसआई अस्पताल नालागढ़ में तैनात डा.अशोक कुमार को भी 1000 रुपये की रिश्वत के साथ विजीलेंस ने धर दबोचा था।
केस-5-एसडीएम कार्यालय नालागढ़ में अधीक्षक पद पर तैनात एक व्यक्ति को विजीलेंस ने रंगे हाथों रिश्वत लेते धर दबोचा था। रिश्वत राशि विजीलेंस को अधीक्षक के टेबल में मोटर वाहन अधिनियम की किताब में से मिली थी।
केस-6-गृहरक्षक कमाडेंट नालागढ़ को पुलिस ने बंदुक के चलाने वाले प्रमाण पत्र बनाने के लिए 1000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा था।
केस-7-परवाणु की एक महिला अधिकारी को बददी के उद्योगों से रिश्वत लेने के ऐवज में पुलिस ने उसे धर दबोचा था।
