टोका बीट में शरारती तत्वों ने 6 स्थानों पर लगाई आग

धौलाकुआं (सिरमौर)। पावंटा वन मंडल के टोका बीट में लगी भयंकर आग पर समय रहते ग्रामीणों तथा वन विभाग के कर्मचारियों ने काबू पा लिया। अगर ग्रामीण समय पर सहायता न पहुंचाते तो टोका बीट में लगी आग शनिवार को और अधिक विकराल हो सकती थी। वन विभाग की टीम तथा ग्रामीणों ने मिलजुल का भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कुछ शरारती तत्वों ने टोका बीट के जंगलों में अचानक आग लगा दी। जिससे उस क्षेत्र में आग की लपटें विकराल रूप धारण करने लगी। आग ने कुछ ही पलों में लगभग 4 से 5 किलोमीटर के दायरे को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने क्षेत्र में लगभग 5 स्थानों पर आग लगा दी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बीते वर्ष भी इसी जंगल में आग लगाई गई थी। जिस के कारण भारी वन संपदा को नुकसान पहुंचा था।
वन विभाग के वन रक्षक, बीओ तथा वन चौकीदार घटनास्थल पर पहुंच गए। बाद में सभी ने ग्रामीणों भूरा राम, श्याम लाल, बिंदर, तरसेम, रमेश चंद, चिरंजी, गुमान सिंह तथा रतन सिंह आदि की सहायत से आग पर काबू पाया। आग बुझाने में वन विभाग की ओर से वन रक्षक माम राज, अजय कुमार तथा रजनीश आदि शामिल थे। जबकि वन चौकीदारों में हरिचंद, बलबीर सिंह, दारा राम दलेल चंद आदि शामिल थे।

Related posts