मठोली से नाबालिग छात्रा का अपहरण

नूरपुर (कांगड़ा)। सुल्याली गांव से युवती के दिनदहाड़े अपहरण की नाकाम कोशिश के बाद अब जसूर के समीप मठोली गांव से एक नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। बीते तीन दिनों से घर से लापता युवती का कोई सुराग पता न लगने के बाद परिजनों ने शनिवार को नूरपुर पुलिस थाने में युवती के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई है।
सूत्रों से के मुताबिक उक्त नाबालिग छात्रा नूरपुर क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में ग्यारहवीं की छात्रा है। लेकिन उसे घर से लापता होने से दो दिन पहले ही यानी 28 मई को किन्हीं कारणों के चलते स्कूल से निकाल दिया गया था। इसके चलते 29 मई को उक्त छात्रा पूरा दिन घर पर ही थी। पर अगले दिन 30 मई को सुबह 10 से 11 के बीच घर से बाहर गई थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। छात्रा के परिजनों ने सब जगह उसकी तलाश की, लेकिन काफी भागदौड़ करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा तो शनिवार सुबह नूरपुर थाने में शिकायत दर्ज करवा दी। उधर, डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग छात्रा के पिता की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Related posts