
पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि की छात्रा की आत्महत्या के मामले में अब पुलिस प्राध्यापकों के साथ-साथ छात्रों से भी पूछताछ करने में जुट गई है। इसके चलते शनिवार को पुलिस ने छात्रा के एक सहपाठी छात्र से पूछताछ की है। यह पूछताछछात्रा और छात्र की फोन पर हुई कॉल के आधार पर हुई है। हालांकि अभी तक पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।
शनिवार को पुलिस ने सुसाइड नोट में प्रताड़ना का आरोप झेल रहे प्राध्यापकों से पूछताछ की। लेकिन पुलिस सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने एक छात्र से इस आधार पर पूछताछ की है कि जिस दिन छात्रा आंचल की मौत हुई थी। उसी दिन मृतक छात्रा से इस छात्र से फोन पर बात हुई थी। लेकिन बाद में इस छात्र ने शाम के समय आंचल के आए फोन को काट दिया था। उसके बाद इस छात्र की फोन कॉल डिटेल से मिली पुलिस को अहम जानकारी से अब पुलिस की जांच की सुई दूसरे पहलुओं पर भी घूमने लगी है। जबकि पहले जांच की धुरी प्राध्यापकों पर ही फोकस थी। बताया जाता है कि पुलिस जांच में प्राध्यापकों ने जो तथ्य रखे हैं, उनमें इस छात्र का नाम भी है। ऐसे में अब छात्रा की मौत के कारणों को कई पहलुओं से जांचा जाने लगा है। उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच करने में जुटी हुई है।
