
नूरपुर (कांगड़ा)। फिल्मी अंदाज में सुल्याली गांव से युवती का अपहरण करने की कोशिश करने वाले चार युवकों में से तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान दिव्यांशु शर्मा निवासी गांव डकियाड़ा तहसील फतेहपुर, रविन्द्र सिंह गांव जखाड़ा (फतेहपुर) व राकेश चौधरी निवासी गांव पपलाह (डकोली) तहसील फतेहपुर के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल एक अन्य फरार युवक की तलाश जारी है।
वहीं, पुलिस ने अपहरण की वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार (एचपी-54 वी 0167) को भी कब्जे में ले लिया है। हालांकि, पुलिस ने युवती को मेडिकल करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। लेकिन पीड़ित युवती के बयान पर नूरपुर पुलिस ने कथित अपहरणकर्ताओं के खिलाफ अपहरण कर उसके साथ छेड़छाड़ करने तथा दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ करने के बाद उनके फरार साथी की धरपकड़ के लिए छापामारी अभियान तेज कर दिया है। इस बीच पुलिस ने शनिवार दोपहर बाद तीनों को नूरपुर की अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया। उधर, डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पीड़ित युवती ने पुलिस को दिए बयान में अपहरणकर्ताओं पर छेड़छाड़ करने तथा दुष्कर्म करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। लिहाजा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं 354, 366, 506, 511 व 120 वी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
