
रामपुर बुशहर। सैंज पुलिस चौकी के तहत किंगल के नजदीक चीलमोड़ के पास पुलिस ने एक व्यक्ति को चार सौ ग्राम चरस के साथ दबोचा। एसडीपीओ सुनील नेगी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि चौकी के मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह और अन्य साथियों ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी मदन लाल, जैन पार्क, नई दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सैंज पुलिस ने चरस का यह पांचवां केस पकड़ कर चरस माफिया के मंसूबों पर पानी फेरा है।
पुलिस थाना में जमा कराएं बंदूकें
रामपुर बुशहर। लोकसभा उपचुनाव को देखते हुए पुलिस ने सभी लाइसेंस धारकों से बंदूकें थाना में जमा करने को कहा है। एसडीपीओ सुनील नेगी ने सभी थाना और चौकियों को आदेश जारी कर अपने-अपने क्षेत्र में लाइसेंस धारकों को इस संबंध में जागरूक करने को कहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई बंदूक जमा नहीं कराता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। पुलिस ने लाइसेंस धारकों को पांच दिन का समय दिया है।
