परौंठी के महासू मंदिर में लाखों की चोरी

जुब्बल (शिमला)। जुब्बल तहसील के तहत परौंठी गांव में महासू देवता के मंदिर में चोरों ने लाखों रुपयों के सोने-चांदी के आभूषणों सहित मूर्ति तथा सिक्कों पर हाथ साफ कर लिया है। चोरों ने घटना को शुक्रवार देर रात अंजाम दिया। पुलिस की टीम ने शनिवार को मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार परौंठी गांव में स्थित महासू देवता के मंदिर में शनिवार को कुछ स्थानीय लोग माथा टेकने के लिए आए। उन्होंने देखा कि मंदिर का दरवाजा खुला हुआ है। साथ में बने नारसिंह वीर के मंदिर का दरवाजा भी खुला हुआ था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणाें को दी। चोरी की सूचना मिलते ही सभी ग्रामीण मंदिर आए तथा देखा कि चोराें ने महासू देवता के मंदिर में रखे लाखों रुपयों के सामन पर हाथ साफ कर लिया था। नारसिंह वीर के मंदिर से भी चोरों ने सामान चुराया है। ग्रामीण ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा तफतीश शुरू कर दी। चोरों ने मंदिर से पांच सोने के सिक्के, सोने की एक मूर्ति, सोने का एक टिक्का, सोने की एक जोड़ा बालियां, सोने की डोरियां, सोने की एक छड़ी, 32 चांदी के सिक्के, 32 चांदी के छतर, चांदी के दो अंडे, दो चांदी की प्लेटें, धूप देने वाली चांदी की धुड़स सहित एक चांदी का लोटा गायब था। शुरुआती जांच में पांच लाख रुपये से अधिक की चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मंदिर में कितने की चोरी हुई है, हालांकि इसका सही आकलन अभी तक नहीं किया गया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्यारे लाल कर रहे हैं। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। दावा किया कि शीघ्र चोर पुलिस की पकड़ में होंगे।

Related posts