खाली पड़ी जमीन पर बनेंगे पार्क

बद्दी (सोलन)। नगर परिषद बद्दी की शुक्रवार को हुई बैठक में बद्दी ट्रक यूनियन के समीप खाली पड़ी जमीन पर पार्क विकसित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा वार्ड नंबर एक, चार और बसंती बाग में पार्क बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता चौधरी मदन लाल ने की। उन्होंने कहा कि एशिया के सबसे बड़ा फार्मा हब बद्दी में कोई बड़ा पार्क नहीं है। पार्क की सुविधा न होने से यहां के अधिकांश लोग पंचकूला और चंडीगढ़ से आवाजाही करते हैं। यहां पर बाहर जाने वाले लोगों को बद्दी में ही चंडीगढ़ की तर्ज पर सुविधा देने की प्रस्ताव पारित किया गया।
बद्दी में यूनियन के साथ 20 बीघा जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन पर पार्क विकसित किया जा सकता है। परिषद ने प्रस्ताव पारित कर कर खाली पड़ी जमीन को शहरी विकास विभाग के नाम करने की मांग रखी। विभाग के नाम पर जमीन होने पर इस पर पार्क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। करीब 20 बीघा में पार्क होने से लोग सुबह शाम यहां टहल सकेंगे।
उन्होंने बताया वार्ड नंबर एक में खाली पड़ी जमीन की किस्म बदल कर उस पर भी पार्क और पार्किंग बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। वार्ड नंबर चार में शिव मंदिर के नजदीक खाली पड़ी जमीन और बसंती बाग में भी पार्क विकसित करने की प्रस्ताव पारित किया गया। वार्ड नंबर एक, दो और तीन में पार्कों को झूले, बैंच और डस्टबिन रखने के लिए भी प्रस्ताव पारित किया गया। बद्दी स्थित सब्जी मंडी में मोबाइल शौचालय खोलने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष सरदार बंत सिंह, संजीव कुमार, करनैल सिंह, इंद्र राम, राज कुमारी, तेजा राम, वीना कौशल, सुनिता चौधरी, अमर सिंह, प्रकाश चंद, सलीम मोहम्मद, ईओ सुधीर शर्मा और जेई शरीफ मोहम्मद ने भाग लिया।

यहां गलियां बनाई जाएंगी
बैठक में वार्ड नंबर आठ में जगत राम से ज्ञान के घर तक गली का निर्माण करने, वार्ड नंबर एक में गुगा माड़ी मंदिर से रामचरण के घर तक गली का निर्माण करने, वार्ड नंबर दो संजीव कुमार से टेक चंद के घर तक गली का निर्माण करने, वार्ड नंबर नौ में मसजिद के सामने गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप डालने, श्याम सुंदर के घर से जोगिंद्र के घर तक गली का निर्माण करने, वार्ड नंबर चार शिव मंदिर के समीप गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डलवाने, वार्ड नंबर छह से मस्तराम के घर तक गली का निर्माण, हरिजन बस्ती में शिव मंदिर के पास गली का निर्माण, वार्ड नंबर 9 में तेजा राम के घर कर नाले का निर्माण, हरिजन बस्ती में सामुदायिक भवन का निर्माण करने तथा इसी वार्ड में सोमनाथ के घर से गली का निर्माण, बंसती बाग में सिंह रेस्टोरेंट के समीप गली का निर्माण करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

Related posts