समर फेस्टिवल में रात बारह बजे तक बसें

शिमला। अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव देखने के बाद घर पहुंचने की टेंशन लेने की जरूरत नहीं। एचआरटीसी ने अपनी शेड्यूल सर्विस को दो घंटे बढ़ा दिया है। समर फेस्टिवल के दौरान पहली जून से पांच जून तक सरकारी बसें रात बारह बजे तक चलेंगी। जिला प्रशासन ने रात दस बजे के बाद उपनगरों के लिए बस सुविधा मुहैया करवाने के एचआरटीसी को आदेश दिए थे। समर फेस्टिवल के दौरान पांच दिन के लिए रात बारह बजे तक बस सुविधा का विस्तार कर दिया गया है। कार्यक्रम खत्म होने के बाद ओल्ड बस स्टैंड, गुरुद्वारा लोकल बस स्टैंड तथा लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से उपनगरों के लिए बस सुविधा उपलब्ध होगी। क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी लोकल यूनिट देवासेन नेगी ने बताया जिला प्रशासन की ओर से एक्सट्रा टाइम तक बसें चलाने को लेकर रिक्वायरमेंट भेजी गई है। बस सर्विस का टाइम दो घंटे बढ़ाया गया है।

दस बजे तक ही मिलेगी लिफ्ट सुविधा
माल रोड से कार्ट रोड को जोड़ने वाली लिफ्ट की सुविधा सिर्फ दस बजे तक दी जाएगी। संबंधित विभाग का कहना है समर फेस्टिवल के लिए टाइमिंग नहीं बढ़ाई गई है। 15 अप्रैल को ही लिफ्ट की टाइमिंग रात नौ बजे से बढ़ाकर दस की गई है।

पर पार्किंग का बंदोबस्त नहीं
समर फेस्टिवल देखने अपनी गाड़ी में आने वाले लोगों को वाहनों को पार्क करने के लिए अपने स्तर पर बंदोबस्त करना होगा। पुलिस विभाग की ओर से गाड़ियों को खड़ा करने के लिए कोई भी स्थान चिन्हित नहीं किया गया है।

Related posts