सरकाघाट की तीन पंचायतो में ‘ब्लैकआउट’

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की तीन पंचायतों में पिछले 20 घंटों से विद्युत आपूर्ति न होने से ब्लैकआउट की स्थिति बन गई है। विद्युत आपूर्ति न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभावित पंचायतो में रोपड़ी, परसदा हवाणी तथा झंझैल शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में चल रहे 132 केवी टावरों पर तारें डालने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए बोर्ड ने 30 मई को एक दिन के लिए प्रात: 9 से सांय 5 बजे तक पॉवर कट लगाने की विज्ञप्ति जारी की थी। सांय पांच बजे भी इन पंचायतों में विद्युत सप्लाई बहाल नहीं हुई। लोग देर रात तक बिजली आने का इंतजार करते रहे लेकिन बाद में सारी रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी। बिजली गुल रहने से उठाऊ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुईं। सूत्रों के अनुसार कार्य के दौरान बिजली की कई तारें तथा खंभे टूट गए हैं।
रोपड़ी पंचायत के प्रधान अजय चंदेल, परसदा हवाणी के प्रधान अनिल चंदेल ने बताया कि पिछले बीस घंटों से बिजली सप्लाई बंद होने से लोग दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। रोपड़ी पंचायत निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि बिजली न होने से उसके घर में रखे एक्वेरियम में मछलियां मर गईं।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता ई वीपी वर्मा ने बताया कि पर तार डालने वाली कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते इन पंचायतों को सप्लाई देने वाली बिजली की तारें और खंभे टूट गए। इस कारण लोगों को यह असुविधा हुई है। विभाग को हुई क्षति का कंपनी से जुर्माना वसूला जाएगा। लोगो को जल्द विद्युत सप्लाई की जाएगी।

Related posts