स्कूल दो दिन में जमा करवाएं आईटी फीस

चंबा। आईटी शिक्षा की फीस जमा न करवाने वाले स्कूलों पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है। शिक्षा विभाग की ओर से सभी स्कूल मुखियों को दो जून से पहले फीस जमा करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने काफी समय पहले ही स्कूलों को चेतावनी जारी की थी, मगर अभी तक कई स्कूलोें ने फीस नहीं जमा करवाई है। अगर दो जून तक फीस न जमा हुई तो ऐसे स्कूलों को डिफाल्टर घोषित कर दिया जाएगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला के मौजूदा समय में पूरे जिला में 91 के करीब सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं। इसमें से 75 के करीब स्कूलों में आईटी शिक्षा को शुरू कर दिया गया है। इसमें से अधिकांश स्कूलों ने आईटी शिक्षा की फीस जमा नहीं करवाई। स्कूलों को अप्रैल और मई की फीस जमा करवानी है। ऐसे स्कूलों को शिक्षा विभाग ने दो दिन की मोहलत दी है। दो दिन के भीतर फीस जमा न करवाने वाले स्कूलों को डिफाल्टर घोषित कर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग के नोडल आफिसर अजय चौहान ने बताया कि कुछ स्कूल आईटी शिक्षा की फीस जमा करवाने में आनाकानी कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश जारी किए हैं कि दो जून से पहले आईटी फीस शिक्षा निदेशालय की अकाउंट में जमा करवाएं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि स्कूल मुखिया निर्धारित समय पर आईटी की फीस जमा करवा दें। फीस जमा करवाने के बाद शिक्षा विभाग को फोन या फैक्स या ई मेल के माध्यम से जानकारी मुहैया करवाएं। फीस जमा न करवाने वाले स्कूलों को डिफाल्टर घोषित कर दिया जाएगा। इसकी सूची शिक्षा निदेशालय को भेजी जाएगी।

Related posts