ग्रामीणों ने की एसएचओ के खिलाफ नारेबाजी

होली (चंबा)। होली-बजोली प्रोजैक्ट के भूमि पूजन के अवसर पर जीएमआर कंपनी के चेयरमैन से मिलने पहुंचे ग्रामीणों को रोके जाने को लेकर महिलाओं की एसएचओ भरमौर ज्ञान सिंह ठाकुर के साथ गहमा-गहमी हो गई। इस पर ग्रामीणों ने एसएचओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उधर, 180 मैगावाट के इस प्रोजैक्ट का भूमिपूजन पुलिस पहरे में हुआ। कंपनी के चेयरमैन वी सुब्बाराव ने प्रतिनिधिमंडल से साफ कर दिया है कि कंपनी ग्रामीणों के दबाव के आगे नहीं झुकेगी और सुरंग तय जगह पर ही बनेगी। ग्रामीणों ने कहा कि उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और काम नहीं करने देंगे। ग्रामीणों ने करीब बीस मिनट तक धरना देकर कंपनी के चेयरमैन का काफिला रोके रखा।
शुक्रवार को न्याग्रां में प्रोजैक्ट की डैम साइट पर भूमि पूजन के लिए जीएमआर कंपनी के चेयरमैन वी सुब्बाराव सहित अन्य अधिकारी पहुंचे हुए थे। इस दौरान ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन को शांतिपूर्ण बातचीत करने का न्यौता दिया। पूजन स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील किया गया था। मौके पर एसएचओ भरमौर भी थे। ग्रामीण चेयरमैन से बातचीत करने जा रहा था तो एसएचओ ने उन्हें आगे जाने से रोक लिया। ग्रामीण भड़क उठे और एसएचओ के साथ झगड़ा होने की नौबत आ गई। महिलाओं ने एसएचओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेयरमैन से कहा कि वे सिर्फ सुरंग को लेकर उनका विरोध है। चेयरमैन ने साफ तौर पर कह दिया कि हाई कोर्ट ने उनके पक्ष में निर्णय सुनाया है। लोगंों ने साफ कर दिया कि सुरंग को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा। कंपनी से बात करने वालों में रेखा देवी, कुंता, सपना, हालो, कांता, निशा, वंदना, सवेरो देवी, चमन लाल, रविंद्र कुमार, चढ़तू राम, सुषमा व गंगो देवी सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।

Related posts