
हल्द्वानी। गौला से जलसंस्थान के फिल्टर प्लांट को पानी की सप्लाई न होने से गुरुवार को शहर में पेयजल आपूर्ति ठप रही जिसके कारण लोगों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम को पानी की आपूर्ति सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात पहाड़ों पर बारिश के चलते गौला नदी में मटमैला पानी आने की वजह से गौला बैराज से जलसंस्थान के फिल्टर प्लांट को पानी नहीं दिया गया। इस कारण फिल्टर प्लांट से पानी स्टोर नही हो सका। इधर, जलसंस्थान के फिल्टरप्लांट को पानी न मिलने का असर यह हुआ कि गुरुवार की सुबह शहर के विभिन्न इलाकों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। सुबह पानी न मिलने के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों को बिना स्नान किए ही अपने कार्यालय जाना पड़ा वहीं महिलाओं को कामकाज करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, पानी को लेकर हाहाकार मचने पर किसी तरह पूर्वाह्न 11 बजे जलसंस्थान के फिल्टर प्लांट को गौला बैराज से पानी मिल सका। जिस पर शाम के वक्त शहर में पानी की आपूर्ति सुचारु हो सकी।
इसके अलावा राजपुरा में कई दिनों से पानी किल्लत की शिकायत मिलने पर जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता केसी पांडेय ने गुरुवार को राजपुरा पहुंचे तथा समस्या की जानकारी ली। बाद में पानी की लाइन चेक कराई गई तो उसमें पत्थर आदि फंसे मिले, जिन्हें साफ कराने के उपरांत पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई।
