
गोहर (मंडी)। कुथाह मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र ठाकुर के नाम रही। नरेंद्र ठाकुर की नान स्टाप नाटियों पर बुधवार रात भर जंजैहली घाटी के लोग जमकर थिरके। संध्या का आगाज स्थानीय कलाकार रोहित कुमार ने फिल्मी और पहाड़ी गानों से किया। नाइट के स्टार कलाकार नरेंद्र ठाकुर ने मंच पर चढ़ते ही बोतला फूटी हाय रे नातिया नाटी से अंतिम संध्या का धमाकेदार आगाज किया। उन्होंने मंडी और कुल्वी नाटियों से पंडाल में बैठक युवाओं और दर्शकों को खूब झुमाया। नरेंद्र का बुरा लागा तेरा ओ पानी पीयूणा और कोखे चाली बरखा बरसाती नाटियों ने खूब वाहवाही लूटी। कोखे बे चाली नीमा डोलमा सांझकी बेला नाटी ने भी कुथाह मेले में धूम मचाई। नरेंद्र ठाकुर ने ओ मेरी बांकी सजनी तेरी चीठी पतरी आई ना और कुल्लू मनाली लागा मेला नाटियों से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इस मौके पर मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे। वीरवार को कुथाह मेले का एडीएम मंडी पंकज राय ने समापन किया। उन्होंने कहा कि मेले आपसी भाईचारे को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि कुथाह मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन और स्थानीय लोग बधाई के पात्र हैं। इस मौके पर एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान आदि मौजूद थे।
