
भवारना (कांगड़ा)। थाना भवारना के तहत गांव मरुंह में एक मुंडन समारोह के दौरान हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। मारपीट में घायल हुए दो लोगों को टांडा मेडिकल कालेज तथा तीन को पालमपुर अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट करवाया गया है। पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ मामला दर्ज कर तहकीकात शुुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मरुंह गांव में बुधवार रात एक घर में आयोजित मुंडन समारोह में भाग लेने के लिए गांव के लोग पहुंचे हुए थे। वहां पर इन दोनों गुटों के लोग भी मौजूद थे। इन दोनों गुटों के लोगों के बीच रात के करीब साढे़ ग्यारह बजे किसी बात को लेकर लड़ाई शुरू हो गई। विनेश कुमार पुत्र ईश्वर दास ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि पंकज कुमार पुत्र रमेश चंद, रमेश चंद और कांता पत्नी रमेश चंद ने उनसे मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष ने भी विनेश और चंद्रकिशोर पर मारपीट का आरोप लगाया है। लड़ाई में घायल हुए विनेश कुमार तथा चन्द्र किशोर को टांडा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है, जबकि पंकज, रमेश चंद, कांता देवी का पालमपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। भवारना थाना के एएसआई जसपाल सिंह के कहा कि दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायत के बाद मामले की क्रास एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
