अब बेझिझक पार करिये पुल

कांगड़ा। साहिल अब बेझिझक बनेर खड्ड पर बने फुट ब्रिज को पार कर स्कूल के लिए आया जाया करेगा। यहां पिछले एक साल से पुल की फटी चद्दरों से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लोनिवि महकमे ने सुरक्षित आवाजाही के लिए मरम्मत का काम मुकम्मल कर लिया है। पिछले एक साल से इस पुल पर असुरक्षित आवाजाही को लेकर ‘अमर उजाला’ ने 27 मई के अंक में पापा, बस पुल पार करवा दो फिर चला जाऊंगा… शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के अगले दिन ही विभाग ने मरम्मत के लिए निर्माण सामग्री लाने का काम शुरू कर दिया। वीरवार दोपहर बाद महकमे ने पुल का काम पूरा कर लिया।
अब बनेर खड्ड के पार रहने वाले गांव के लोग पुल से सुरक्षित आ जा सकेंगे। कांगड़ा बाईपास के साथ बनेर खड्ड पर बने इस पुल पर से रोजाना तरसूह, पलवाणा, भाटी और गबला अंदराड़ के बच्चों से लेकर सैकड़ों लोगों की आवाजाही शुरू होती है। बच्चों के लिए स्कूल जाने का यह महज एक मात्र रास्ता है। गांव के लोग रोजाना नौकरी तो कोई अपने कामकाज के लिए निकलता है। गहरी बनेर खड्ड के ऊपर बने इस फुट ब्रिज पर लगीं चद्दरें बीच बीच में पूरी तरह से फट चुकी थीं। लोग पुल संभल कर पार करते थे लेकिन रात को तो यहां से गुजरना किसी दुर्घटना को न्यौता देने के बराबर था। लोनिवि विभाग ने हादसे पर रोक लगाने के लिए पुल पर चद्दरें और मेटलिंग कर दी है। लोनिवि के एसडीओ दिनेश धीमान ने बताया कि लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुल को दुरुस्त कर दिया है। लोग दुर्घटना के शिकार न हों इसके लिए विभाग ने मरम्मत करवा दी है। पुल पर माइल्ड शीट्स बिछाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका एस्टीमेट जिलाधीश को भेजा गया है जैसे ही बजट आता है पुल पर नए सिरे से काम शुरू कर दिया जाएगा। उधर, गांव के लोगों ने प्रशासन का आभार जताया है।

Related posts