
कालूझिंडा (सोलन)। कालूझिंडा और मधाला पंचायतों में केबल कनेक्शन धारकों को अब पचास रुपये मासिक शुल्क अधिक चुकाना पड़ेगा। केबल संचालक इसी माह से बढ़े हुए रेट वसूल करेंगे। चार निजी विवि होने के साथ इस क्षेत्र में केबल उपभोक्ताओं की संख्या काफी है। उधर, उपभोक्ताओं ने बढ़े रेट देने से इंकार किया है। उनका तर्क है कि आपरेटरों ने रेट तो बढ़ा दिए हैं, लेकिनउस हिसाब से चैनल उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।
मधाला पंचायत के तारा चंद शर्मा, अमरनाथ चंदेल, अनिल कुमार शर्मा, भाग चंद शर्मा, हरीश कुमार शर्मा, प्रेम चंद मेहता ने अचानक केबल आपरेटर की ओर से पचास रुपये बढ़ाने पर कनेक्शन कटवाने का मन बना लिया है। पहले उपभोक्ताओं से हर माह डेढ़ सौ रुपये लिए जाते थे, अब हर माह 200 रुपये वसूल किए जा रहे हैं। भाग चंद शर्मा ने बताया कि पिछले दो दिन से केबल बंद था। मंगलवार शाम को दो दिन के बाद केबल चालू हुआ। हल्का से मौसम खराब होने से मधाला और कालूझिंडा में केबल बंद हो जाता है।
उधर, केबल आपरेटर कर्ण सिंह ने बताया कि सरकार ने हाल ही में केबल आपरेटरों पर दस फीसदी मनोरंजन कर लगाया है। कुछ नियमित रूप से भुगतान नहीं करते हैं, इसके चलते उन्होंने रेट बढ़ाए हैं। जो उपभोक्ता नियमित रूप से बिल का भुगतान करते हैं उनके लिए वही पुराना रेट चला हुआ है। अगर ये उपभोक्ता कनेक्शन कटवाना चाहते हैं तो कटवा सकते हैं।
