सरगीण के जंगल में लाखों का सोना बरामद

शिमला। रिहायशी इलाकों में दिन के उजाले में सेंध लगाने वाले चोर गिरोह के एक सदस्य की निशानदेही पर सरगीण के जंगल में करीब चार लाख कीमत का सोना बरामद किया गया है। आरोपी अरुण कुमार डाउनडेल का रहने वाला है। इसके साथियों की पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी को पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। चार लाख की कीमत का यह सोना आरोपियों ने दो घरों से चुराया था।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को चोरों ने आईएएस कालोनी में आईटी महकमे के प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश के आवास में भी सेंध लगाई थी। वे किसी काम से दिल्ली गए हुए थे और घर पर कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाते हुए चोर दिन के उजाले में दाखिल हुए और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। दूसरी वारदात सोमवार को ही सुबह करीब पौने बारह बजे सरगीण लक्ष्मी नगर में प्रदीप शांडिल के घर हुई। यहां ताला तोड़कर ये भीतर दाखिल हो गए और करीब दो लाख की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। इस दौरान कसुम्पटी पुलिस की इस बात की भनक लग गई। तत्काल घेराबंदी की गई और गाड़ियों को चैक किया जाने लगा। इसी बीच एक प्रवासी को जब शक के आधार पर रोका गया तो उसके पास से कुछ सोने के आभूषण मिले। आरोपी ने गिरोह के सदस्यों के कई नाम उगले हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा ने कहा कि आरोपी से करीब चार लाख कीमत की ज्वेलरी मिली है। इसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है।

Related posts