
भरमौर (चंबा)। मंडी संसदीय क्षेत्र के उप चुनाव के लिए भाजपा व कांग्रेस के योद्धाओं केे मैदान में उतरते ही एक बार फिर शह और मात का खेल शुरू हो गया है। कांग्रेस ने मंडी संसदीय क्षेत्र से एक बार फिर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी को चुनावी रण में उतारा है तो दूसरी और भाजपा ने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री जयराम ठाकुर पर दाव खेला है। भरमौर विधानसभा क्षेत्र इसी संसदीय क्षेत्र का एक हिस्सा है। इस क्षेत्र से इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनो पार्टियों पर अपने-अपने प्रत्याशियों को लीड दिलाने का दबाव रहेगा। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में हालांकि सत्तासीन है। इसके बावजूद यह चुनाव कांग्रेस के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हैं। खासकर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी के लिए यहां से कांग्रेस को बढ़त दिलाना काफी चुनौती भरा माना जा रहा है। प्रदेश सरकार ने पहली बार इस विस क्षेत्र से किसी विधायक को कैबिनेट में जगह दी है। इसके चलते ठाकुर सिंह भरमौरी पर काफी दबाव रहेगा। उधर, भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष तुलसी राम की टिकट काटकर विस चुनावों में नए प्रत्याशी जीया लाल कपूर पर दाव खेला था। उन पर भी लोकसभा चुनावों में बढ़त दिलाने का दबाव रहेगा। हाल ही में भाजपा की गरोला में हुई मंडल स्तरीय बैठक में चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गई है। चुनाव प्रचार के लिए गांवों में जाने वाली टीमें भी तैयार कर ली गई हैं। वीरवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह लोकसभा चुनावों के लिए नामांकन भरेंगी। इसके चलते भरमौर से भारी संख्या में कांग्रेसी मंडी के लिए रवाना हो गए हैं। भाजपा के मंडल अध्यक्ष रवि जुलकान ने बताया कि वह भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। कांग्रेस के मंडल उपाध्यक्ष शंकर कुमार ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस का प्रत्याशी भारी बहुमत से विजयी रहेगा। भरमौर क्षेत्र से प्रत्याशी को लीड मिलेगी। नामांकन के बाद प्रचार प्रक्रिया शुरू होगी।
