छात्रों को प्रशासनिक जानकारी होना जरूरी : डा. सांग्ये

मैकलोडगंज। निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री डा. लोबसांग सांग्ये ने तिब्बती छात्रों को बताया कि आज के युवा कल के नेता बनकर अपने जीवनपथ पर आगे बढ़ेंगे। तिब्बती छात्रों को निर्वासित सरकार के प्रशासनिक ढांचे से भली-भांति रूबरू होना चाहिए ताकि शिक्षा के स्तर पर तिब्बती छात्र आगे बढ़कर तिब्बत की गरिमा को बरकरार रखें।
सांग्ये निर्वासित सरकार के तिब्बतियन पार्लीमेंटरी एंड पॉलिसी रिसर्च सेंटर की ओर से आयोजित नौ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में बोल रहे थे। शिविर के समापन पर निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री डा. लोबसांग सांग्ये मुख्य रूप से उपस्थित रहे। तिब्बती मुख्यालय में आयोजित शिविर के अंतिम दिन भारत के चेन्नई, बंगलूरू, विजयवाडा, बड़ौदा, दिल्ली, जालंधर और चंडीगढ़ के विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले 57 तिब्बती छात्रों ने निर्वासित सरकार की कार्यप्रणाली और तिब्बत के रीति रिवाजों एवं संस्कृति की जानकारी ली। तिब्बतियन पार्लीमेंटरी एंड पॉलिसी रिसर्च सेंटर के शिविर के चलते डा. लोबसंग सांग्ये ने मेधावी छात्रों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
पीएम ने कहा की निर्वासित सरकार में सेवाएं देते हुए उन्हें 22 माह हो गए हैं। इस दौरान निर्वासित सरकार को स्थानीय कम्युनिटी से काफी सहयोग भी मिला है। तिब्बतियन पार्लीमेटरी एंड पॉलिसी रिसर्च सेंटर के प्रतिनिधि आचार्य यशी फूचोंक ने शिविर का समापन किया।

Related posts