
कांगड़ा। नगर परिषद कांगड़ा के ईओ के साथ नप के उपाध्यक्ष और पार्षद के बीच हुई कहासुनी को लेकर परिषद की बैठक स्थगित हो गई। विवाद पुलिस थाने तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बैठक के समय को लेकर ईओ और पार्षदों में विवाद हो गया। ईओ ने नप के उपाध्यक्ष और पार्षद के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। उधर, उपाध्यक्ष और पार्षद ने आरोपों को निराधार करार दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले की वजह से बैठक में नगर परिषद का रखे जाने वाला सालाना बजट अब अगली बैठक तक लटक गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को नप की बैठक 11 बजे आयोजित की गई। अमूमन यह बैठक दोपहर बाद आयोजित की जाती रही है। बैठक के समय को लेकर मामला बिगड़ा और बात कहासुनी तक पहुंच गई। माहौल गर्माने पर बैठक को स्थगित करना पड़ा। नगर परिषद कांगड़ा के कार्यकारी अधिकारी किशोरी लाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि बैठक में उनके साथ पार्षद और उपाध्यक्ष ने बदसलूकी की।
इसी मामले को लेकर उन्होंने नप के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा व पार्षद राजेश शर्मा पर बदसलूकी व सरकारी रजिस्टर को फेंकने के आरोप लगाकर शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई। उन्हाेंने कहा कि बुधवार को नगर परिषद के सालाना बजट के अलावा कुछ अन्य मुद्दों पर नप अध्यक्ष सुमन वर्मा ने सुबह ग्यारह बजे बैठक बुलाई थी ताकि विस्तृत चर्चा के बाद बजट स्वीकृति के लिए शहरी विकास विभाग के निदेशालय भेजा जा सके। उन्होंने कहा कि अगर ड्यूटी के दौरान अधिकारियों से ऐसा बर्ताव होगा तो विकास कार्य कैसे होंगे।
नगर परिषद की अध्यक्ष सुमन वर्मा ने बैठक के दौरान ईओ के साथ कहासुनी होने की वजह से बैठक को स्थगित किए जाने की पुष्टि की है। नगर परिषद के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा व पार्षद राजेश शर्मा ने कहा कि उन्होंने ईओ के साथ कोई बदसलूकी नहीं की है। ईओ की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं। डीएसपी अशोक वर्मा ने ईओ की तरफ से शिकायत मिलने की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
