
नगरोटा बगवां/कांगड़ा। बाबा बड़ोह में पिछली शाम करंट लगने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। ग्राम पंचायत दनौआ (बड़ोह) के प्रधान धर्म चंद ने बताया कि वंशुल कौंडल सायं लगभग 7 बजे अपने पिता की दुकान की छत पर बैठा था कि अचानक उसका हाथ बिजली की एक नंगी तार से लग गया। बताया जा रहा है कि बिजली की तार के ऊपर का प्लास्टिक कहीं से कटा था।
खुंडिया के पुलिस जांच अधिकारी के मुताबिक परिजनों ने बच्चे को जब करंट लगे देखा तो तुरंत फ्यूज निकालकर तार काटी। बच्चे को उठाया लेकिन तब तक उसकी हालत काफी बिगड़ चुकी थी। बालक को टांडा मेडिकल कालेज ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक वंशुल पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी टीका बाग सपैड़ा का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। मृतक बालक बड़ोह में एक निजी विद्यालय में 9वीं कक्षा का छात्र था। इस दुखद घटना से मृतक के गांव व बड़ोह में शोक की लहर दौड़ गई। बाबा बड़ोह के तहसीलदार रविंद्र भारद्वाज ने मृतक के परिजनों को प्रशासन की तरफ से फौरी राहत के रूप में 5 हजार रुपए की धनराशि प्रदान की है। एसपी बलवीर ठाकुर ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।
