नगर पंचायत कर्मचारियों ने जताया आक्रोश

लोहाघाट। नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी का 27 माह से पद रिक्त होने के कारण सभी विकास कार्य अवरुद्ध हो गए हैं। नगर पंचायत के पास धन होने के बावजूद भी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। तीन माह से वेतन न मिलने से परेशान कर्मचारियों ने मंगलवार को नारेबाजी कर आक्रोश जताया।
फरवरी 2011 को ईओ बीडी जोशी के रिटायर होने के बाद त्रिलोक पाल को तैनात किया गया, जिन्हें वित्तीय अधिकार नहीं दिए गए। इसके बाद तहसीलदार अनिल शुक्ला, प्रमोद कुमार, अरुण कुमार को चार्ज सौंपा गया। बाद में टनकपुर के ईओ अशोक वर्मा को यह दायित्व दिया गया। इसके बाद पुन: तहसीलदार एके सिंह को चार्ज देने के बाद उरेडा अधिकारी संदीप भट्ट को यह दायित्व सौंपा गया। ताजा आदेश में टनकपुर के नए ईओ एचडी भट्ट को चार्ज सौंपने के आदेश दिए गए हैं, जिनकी कार्यशैली को लेकर नगर पंचायत बोर्ड उन्हें चार्ज सौंपने के पक्ष में नहीं है।
नगर पंचायत में इस अव्यवस्था के चलते नगर का विकास तो ठहर ही गया है, लोगों को जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र भी नहीं मिल पा रहे हैं। नगर पंचायत के ठेकेदार भुगतान के लिए रोज कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। चेयरमैन लता वर्मा ने राज्य सरकार से तत्काल यहां ईओ की तैनाती किए जाने की मांग की है।

Related posts