
उत्तरकाशी।बसों के चार धाम यात्रा पर होने से लोकल यात्रियों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। वाहनों की कमी से यात्री जान जोखिम में डालकर छतों में बैठकर सफर कर रहे हैं।
चार धाम यात्रा के कारण संयुक्त रोटेशन यातायात समिति की 40 फीसदी बसें यात्रा पर चल रही है। ऐसे में अधिकांश मार्गों पर बसों की कमी खल रही है। कमद और संग्राली गांव की बस सेवा कई दिनों से बंद है। पुरोला, डुंडा, चिन्यालीसौड़, मोरी और भटवाड़ी क्षेत्र के ब्रांच रूटों पर पर्याप्त सेवाएं नहीं चल रही है। जिससे यात्रियों को वाहनों के लिए घंटो इंतजार करना पड़ रहा है। कई रूटों पर यात्री छोटे वाहनों के छतों पर बैठकर सफर कर रहे हैं। मंगलवार को लंबगांव जाने वाले अधिकांश छोटे वाहनों की छत यात्रियों से लदी दिखाई दी। संयुक्त रोटेशन यातायात समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह राणा ने कहना है कि समिति के पास 90 बसें है, इसमें 40 बसें चार धाम यात्रा पर चल रही है। शेष बसें लोकल रूटों पर चलाई जा रही है। कुछ रूटों पर बसों की कमी हुई है। बसों के यात्रा से लौटने के बाद इन रूटों पर पर्याप्त सेवाएं चलाई जाएगी।
