ओएफसी कटी, बीएसएनएल सेवा ठप

बागेश्वर/सोमेश्वर। ओएफसी लाइन कटने से सोमेश्वर समेत आसपास के क्षेत्र में बीएसएनएल की लैंडलाइन और मोबाइल सेवा मंगलवार सुबह नौ बजे से ठप पड़ी है। इससे क्षेत्र के लोगों का बाहरी इलाकों से संपर्क कटा हुआ है। बीएसएनएल की सेवा में खराबी आने से उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की स्थानीय शाखा में भी कामकाज पर असर पड़ा। इससे क्षेत्र के व्यापारियों, साइबर कैफे संचालकों को दिक्कतें हुई। उधर, बागेश्वर में बीएसएनएल की संचार सेवाएं आज दिन भर ठप रही। इस अव्यवस्था के कारण आज नगर के सभी बैंकों में काम काज पूरी तरह से ठप रहा। एटीएम सेवाएं भी पूरी तरह बंद रही।
लाइन में खराबी आने से क्षेत्र की लैंडलाइन और मोबाइल सेवा खराब पड़ी है। सोमेश्वर घाटी, चनौदा, कौसानी, लोद, धौनीगाड़, भैसड़गांव, मनान क्षेत्र में बीएसएनएल के करीब 10 हजार मोबाइल धारक और 500 लैंडलाइन उपभोक्ता हैं। इन इलाकों में बीएसएनएल की फोन सेवा ठप पड़ी। लोगों का बाहरी इलाकों से संपर्क कटा रहा। क्षेत्र से गुजरने वाले यात्रियों तथा पर्यटकों को भी दिक्कतें हुई। साइबर कैफों में भी कामकाज नहीं हुआ। इधर, बीएसएनएल के एसडीओ पीके वर्मा ने बताया कि सोमेश्वर क्षेत्र में ओएफसी लाइन कटी हुई है। लाइन दुरुस्त करने के लिए विभाग की टीम मौके पर गई है।
बागेश्वर में बीएसएनएल की सभी तरह की सेवाओं पर इसका असर रहा। सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। बीएसएनएल के कर्मचारियों ने बताया कि अल्मोड़ा से आने वाली ओफसी लाइन कट जाने के कारण यह रुकावट आई है। इसे ठीक करने के प्रयास चल रहे हैं।

Related posts