हमीरपुर में बनेगा राष्ट्र स्तरीय खेल छात्रावास

हमीरपुर। हमीरपुर में राष्ट्र स्तरीय खेल छात्रावास बनाने की कवायद शुरू हो गई है। शहर में शीघ्र ही राष्ट्र स्तरीय खेल छात्रावास का निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। शिक्षा निदेशालय ने बाल स्कूल हमीरपुर से खेल छात्रावास निर्माण के लिए उपलब्ध जमीन की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में बस अड्डा परिसर, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे से मैदान की दूरी की रिपोर्ट मांगी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार की योजना के तहत प्रदेश में राष्ट्र स्तरीय खेल छात्रावास बनाए जाने हैं। शिक्षा विभाग खेल छात्रावास बनाने के लिए उपयुक्त स्थान तलाश रहा है। विभाग ने सर्वप्रथम जिला मुख्यालयों के स्कूलों से जानकारी मांगी गई है। यदि स्कूल परिसर की रिपोर्ट तय मापदंडों पर स्टीक बैठती है तो खेल छात्रावास बनाया जा सकता है। फिलहाल बाल स्कूल ने खेल छात्रावास बनाने के लिए उपलब्ध जमीन की रिपोर्ट भेज दी है।
स्कूल के पास खेल छात्रावास निर्माण के लिए काफी भूमि उपलब्ध है। वहीं स्कूल और खेल मैदान भी बस अड्डा परिसर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर ही स्थित है। ऐसे में हमीरपुर में खेल छात्रावास बनने की उम्मीद जताई जा सकती है। खेल छात्रावास के खिलाड़ियों को अणु में बने सिंथेटिक ट्रैक का भी लाभ मिल सकता है जहां पर खेल छात्रावास के खिलाड़ी अभ्यास कर सकोगे बाल स्कूल के पास छात्रावास निर्माण के लिए पांच एकड़ जमीन उपलब्ध है। वहीं बाल स्कूल का खेल मैदान भी बस अड्डा परिसर के काफी नजदीक है। ऐसे में हमीरपुर में खेल छात्रावास बनता है तो खिलाड़ियों को लाभ मिल सकेगा।
इस संदर्भ में बाल स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य राजेंद्र वर्मा का कहना है कि शिक्षा विभाग ने राष्ट्र स्तरीय खेल छात्रावास के निर्माण के लिए जमीन की उपलब्धता की रिपोर्ट मांगी थी जिसे शिक्षा निदेशालय को उपलब्ध करवा दिया है। शीघ्र ही खेल छात्रावास स्वीकृत होने की संभावना है।

Related posts