
सोलन। शहर के लोअर बाजार में मंगलवार को साधु का वेश धरे दो लोगों ने दो महिलाओं को ठगी का शिकार बना लिया। एक महिला से सोने की अंगूठी और एक से 500 रुपये ठगे गए। एक महिला बेहोशी की हालत में सोलन अस्पताल पहुंचाई गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो शहर में नाकाबंदी कर घूम रहे बाबाओं को थाने में तलब किया गया लेकिन धोखाधड़ी को अंजाम देने वालों की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोअर बाजार में साधु के वेश में दो लोग घूमते हुए पहुंचे। आंगनबाड़ी में तैनात दो महिलाओं पर उनकी नजर पड़ी। उनके पास जाकर दोनों पाखंडियों ने कुछ पुरानी घटनाओं का जिक्र किया और भविष्य में आपदा आने की बात कही। पुरानी घटनाएं दोनों के जीवन से मिलती जुलती थीं। तीर निशाने पर लगा और दोनों महिलाएं बाबाओं की बातों में आ गईं।
11 हजार और सोने की अंगूठी मांगी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आपदा टालने के लिए एक महिला ढोगी को अपने घर ले गई।ढोगी बाबा ने अपना जाल बुना और उससे 11 हजार रुपये की मांग कर डाली। महिला ने इतनी राशि देने में असमर्थता जताई और 500 रुपये देने की बात कही। बाबा को महिला ने 500 रुपये दिए। बाबा ने महिला को मोती की माला दी। दूसरी महिला ने सोने की अंगुठी दी। हालांकि पुलिस इसे आर्टिफिशियल कह रही है।
शहर में जब मच गया शोर
जब दोनों महिलाओं का आंगनबाड़ी में एक दूसरे से सामना हुआ तो सोने की अंगूठी देने वाली महिला आपबीती सुनाते हुए बेहोश हो गई। आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और बेहोशी की हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया। शहर में चर्चा फैली कि दो ढोंगियों ने महिलाओं पर वशीकरण करके धोखाधड़ी की है। पुलिस के मुताबिक महिला को बेहोशी के चक्कर पहले से आते हैं।
पुलिस कर रही मामले की छानबीन: चौकी प्रभारी
सिटी चौकी के प्रभारी तपेंद्र कुमार ने कहा कि लोगों ने अफवाह उड़ाई थी। महिलाओं ने अपनी मर्जी से सामान देने की बात कही है। दोनों ढोंगियों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शहर में संदिग्धों पर निगाह रखी जा रही है।
